Contact for Advertisement 9354759354


Musician Murder Case: सनलाइट कॉलोनी में मणिपुरी संगीतकार की पीट-पीटकर करी हत्या, नाबालिग समेत 8 आरोपी गिरफ्तार

- Photo by : social media

दिल्ली  Published by: Shubhi Shikha Nayal , दिल्ली  Edited By: Shikha, Date: 08/09/2026 11:03:44 am Share:
  • दिल्ली
  • Published by: Shubhi Shikha Nayal ,
  • Edited By.: Shikha,
  • Date:
  • 08/09/2026 11:03:44 am
Share:

संक्षेप

दिल्ली: सनलाइट कॉलोनी इलाके में 54 वर्षीय मणिपुरी संगीतकार चौंगथाम विक्रम सिंह की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

विस्तार

दिल्ली: सनलाइट कॉलोनी इलाके में 54 वर्षीय मणिपुरी संगीतकार चौंगथाम विक्रम सिंह की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार, विक्रम सिंह ने घर के बाहर नशे की हालत में शोर और गाली-गलौज कर रहे कुछ लोगों को ऐसा करने से मना किया था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि करीब छह लोगों ने उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी।

जान बचाने के लिए घर की ओर भागे

परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने विक्रम सिंह को सड़क पर गिराकर पीटा। वह किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर की ओर भागे और लगातार मदद के लिए आवाज लगाते रहे। आरोप है कि हमलावर उनका पीछा करते हुए घर के पास तक पहुंचे और वहां दोबारा उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद उनके साथ फिर मारपीट की गई। घटना के दौरान शोर सुनकर परिवार के सदस्यों ने बालकनी से नीचे देखा तो कुछ लोग विक्रम सिंह के साथ मारपीट कर रहे थे। परिजन जैसे ही नीचे पहुंचे, आरोपी मौके से भाग निकले। विक्रम के बेटे याईफाबा ने उन्हें गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा देखा और तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद विक्रम सिंह को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि सड़क पर कथित तौर पर मारपीट होती रही, लेकिन किसी राहगीर ने उन्हें बचाने के लिए आगे आने की कोशिश नहीं की। घटना के विरोध में और मृतक को न्याय दिलाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोगों ने कैंडल लाइट मार्च निकाला। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। इस घटना के बाद दिल्ली में पूर्वोत्तर राज्यों से आने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। विक्रम सिंह मणिपुर के वेस्टर्न म्यूजिक सीन में जाना-पहचाना नाम थे। उन्होंने अल्ट्रा वायर्स, फीनिक्स और ईस्टर्न डार्क जैसे बैंड के साथ गिटारिस्ट के तौर पर काम किया था। वह मणिपुरी गायिका चौंगथाम कमला के सबसे बड़े बेटे थे।

पुलिस ने 8 आरोपियों को पकड़ा

पुलिस ने हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए 15 वर्षीय नाबालिग सहित कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में जीवन नगर निवासी 19 वर्षीय भरत कुमार, भगवान नगर निवासी 26 वर्षीय प्रमोद, ईस्ट गोकुलपुर निवासी 21 वर्षीय दीपांशु, 32 वर्षीय मोहन विश्वकर्मा, सनलाइट कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय रमजान खान, किलोकरी निवासी 36 वर्षीय विजय और किलोकरी निवासी 26 वर्षीय मन्नू शामिल हैं। इसके अलावा 15 वर्षीय एक नाबालिग को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ के साथ-साथ वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर भी पुलिस की गतिविधियां बढ़ाई गई हैं।