-
☰
मध्य प्रदेश: पेंशनधारियों को स्टाम्प पेपर की बाध्यता से मिले राहत, कांग्रेस ने नगर निगम आयुक्त से की मांग
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: भोपाल संतनगर कांग्रेस मंडलम अध्यक्ष जगदीश कुमार सांवले ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भोपाल नगर निगम आयुक्त से विधवा, दिव्यांग एवं बुजुर्गों के पेंशन आवेदन में स्टाम्प पेपर और मूल निवासी प्रमाण पत्र की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की है।
विस्तार
मध्य प्रदेश: भोपाल संतनगर कांग्रेस मंडलम अध्यक्ष जगदीश कुमार सांवले ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भोपाल नगर निगम आयुक्त से विधवा, दिव्यांग एवं बुजुर्गों के पेंशन आवेदन में स्टाम्प पेपर और मूल निवासी प्रमाण पत्र की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की है। जगदीश कुमार सांवले ने कहा कि नगर निगम के वार्ड कार्यालयों में नई पेंशन के लिए आवेदन करने वाले गरीब और जरूरतमंद लोगों से 200 रुपये के स्टाम्प पेपर पर शपथ पत्र मांगा जा रहा है। इसके अलावा अन्य दस्तावेज तैयार कराने में भी उन्हें अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इन औपचारिकताओं के कारण पेंशन के पात्र बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। कांग्रेस मंडलम अध्यक्ष ने कहा कि कई बुजुर्ग और असहाय लोगों के पास आय का कोई नियमित साधन नहीं है। ऐसे में दस्तावेज तैयार कराने में सैकड़ों रुपये खर्च करना उनके लिए मुश्किल है। आर्थिक परेशानी के कारण कई पात्र लोग सरकार की पेंशन योजना का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने नगर निगम आयुक्त से मांग की कि पेंशन आवेदन के लिए स्टाम्प पेपर पर शपथ पत्र और मूल निवासी प्रमाण पत्र की अनिवार्यता को तत्काल समाप्त किया जाए, ताकि गरीब, असहाय, बुजुर्ग, विधवा एवं दिव्यांग नागरिक बिना अतिरिक्त आर्थिक बोझ के पेंशन योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाना है, इसलिए आवेदन प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया जाना चाहिए। अनावश्यक दस्तावेजी औपचारिकताओं के कारण पात्र लोगों को योजना के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए। इस मांग का समर्थन करने वालों में एडी शर्मा, राजकुमार धानुक, आत्माराम सूर्यवंशी, राजू बंसल, भगवान सिंह प्रजापति, प्रेम नारायण यादव, गोबिंदा यादव, गणपत यादव, अर्जुन चौधरी, साहिल खान, फूलसिंह जाटव, सुरेश मिश्राम सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।