Contact for Advertisement 9354759354


Marriage Fraud: शादी से पहले दिखाया 48 लाख की नौकरी का सपना, शादी के बाद खुली पोल; बिलासपुर में केस दर्ज

- Photo by : social media

छत्तीसगढ़  Published by: Shikha , छत्तीसगढ़  Edited By: Shikha, Date: 16/09/2026 05:09:48 pm Share:
  • छत्तीसगढ़
  • Published by: Shikha ,
  • Edited By.: Shikha,
  • Date:
  • 16/09/2026 05:09:48 pm
Share:

संक्षेप

छत्तीसगढ़: बिलासपुर में शादी के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है।

विस्तार

छत्तीसगढ़: बिलासपुर में शादी के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने खुद को BITS Pilani से बीटेक और जयपुर की एक कंपनी में 48 लाख रुपये सालाना पैकेज पर नौकरी करने वाला बताकर युवती और उसके परिवार को शादी के लिए राजी किया। इतना ही नहीं, युवक के पिता के नाम 88 लाख रुपये सालाना टर्नओवर और 150 से 200 एकड़ जमीन होने की जानकारी भी दी गई। भरोसे में आकर युवती ने युवक से शादी कर ली, लेकिन शादी के अगले ही दिन उसके दावों की पोल खुल गई।

मामले में बिलासपुर की कोनी पुलिस ने युवक हर्षदीप राम जाड़ी, उसके पिता लोधन राम जाड़ी और मां राजो जाड़ी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के मुताबिक, जशपुर निवासी 30 वर्षीय युवती वर्ष 2022 से बिलासपुर में रहकर जीजीयू कोनी से पीएचडी कर रही है। इसी दौरान उसकी मुलाकात स्कूल में साथ पढ़े हर्षदीप से दोबारा हुई थी। मई 2024 में हर्षदीप ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। परिवार की सहमति के बाद 8 जनवरी 2025 को कोनी के एक कैफे में दोनों की मुलाकात हुई, जहां हर्षदीप ने अपना बायोडाटा दिया। आरोप है कि बायोडाटा में उसने खुद को BITS Pilani से बीटेक और जयपुर स्थित एक कंपनी में डाटा एनालिस्ट मैनेजर बताया था। इसमें उसका सालाना वेतन 48 लाख रुपये बताया गया था।

शिकायत के अनुसार, शादी से पहले अलग-अलग जरूरतों का हवाला देकर हर्षदीप और उसकी मां के खातों में करीब 4.96 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। इसके अलावा हर्षदीप ने अपने खाते में 60 हजार रुपये लिए। 12 मार्च 2026 को बिलासपुर के एक होटल में दोनों की शादी हुई। शादी की रात ही परिवार को कुछ गड़बड़ होने का शक हुआ। टेंट और कैटरिंग वालों ने काम शुरू नहीं किया। पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि उन्हें केवल 10-10 हजार रुपये एडवांस मिले थे। इसके बाद युवती के पिता ने कैटरर को 90 हजार और उसके मामा ने टेंट वाले को 90 हजार रुपये का भुगतान किया।

अगले दिन होटल से निकलते समय भुगतान नहीं होने के कारण होटल संचालक ने हर्षदीप की कार रोक ली। इसके बाद हर्षदीप और उसके पिता के मोबाइल फोन बंद हो गए। युवती ने जब मामले की जानकारी जुटाई तो आरोप है कि हर्षदीप ने स्वीकार किया कि उसने BITS Pilani से पढ़ाई नहीं की थी और उसके पास बताई गई नौकरी भी नहीं थी। वह अपने पिता के साथ इमू पक्षी के तेल का कारोबार करता था। इसके बाद शादी में मिले जेवरों की जांच कराई गई तो वे भी कथित तौर पर नकली पाए गए। पीड़िता का आरोप है कि फर्जी बायोडाटा और झूठी जानकारी के जरिए उसके और उसके परिवार से कुल 6.76 लाख रुपये की ठगी की गई। फिलहाल कोनी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपों की जांच की जा रही है।