-
☰
Bengaluru Husband Wife Attack: बेंगलुरु में पति ने पत्नी पर किया जानलेवा हमला, फ्लोर क्लीनर फेंकने के बाद धारदार हथियार से किए कई वार, आरोपी हुआ गिरफ्तार
- Photo by : social media
संक्षेप
कर्नाटक: बेंगलुरु में रहने वाली एक महिला पर उसके ही पति के हमले का मामला सामने आया है।
विस्तार
कर्नाटक: बेंगलुरु में रहने वाली एक महिला पर उसके ही पति के हमले का मामला सामने आया है। जेपी नगर थर्ड फेज में नारायण क्लिनिक के पास एक महिला पर उसके पति ने हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले महिला पर फ्लोर क्लीनर फेंका और इसके बाद धारदार हथियार से उस पर हमला किया। घटना के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पीड़िता की पहचान 26 वर्षीय मधुमिता के रूप में हुई है। वह नारायण क्लिनिक में नर्स के तौर पर काम करती हैं। बताया जा रहा है कि वह करीब डेढ़ साल से क्लिनिक में काम कर रही थीं। वहीं, आरोपी पति वेंकटेश तमिलनाडु के मदुरई में एक ऑयल कंपनी में काम करता है। पुलिस के अनुसार, मधुमिता और वेंकटेश की शादी साल 2023 में हुई थी। दोनों पिछले करीब एक साल से अलग रह रहे थे। बुधवार शाम वेंकटेश बेंगलुरु पहुंचा था। अगले दिन सुबह जब मधुमिता नाश्ते के लिए बाहर निकलीं, तभी आरोपी ने उनका पीछा किया। बताया जा रहा है कि आरोपी के हमले से बचने के लिए मधुमिता मदद के लिए आवाज लगाते हुए अस्पताल की पार्किंग की तरफ भागीं। इसी दौरान आरोपी ने वहां पहुंचकर उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हमले के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने महिला को बचाने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने आरोपी को रोकने के लिए उस पर पत्थर फेंके। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वहां मौजूद लोगों पर भी हमला करने की कोशिश की। इसी दौरान पास के सिग्नल पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया। जेपी नगर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही उस बाइक को भी जब्त कर लिया है, जिस पर वह मौके पर पहुंचा था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर घटना के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल, घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।